वरिष्ठ नागरिक दिवस पर जिला चिकित्सालय में विशेष कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच, योग और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श के साथ वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान

Chandrakant Pargir

 



बैकुंठपुर। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर स्थित एल्डरली केयर सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, मानसिक प्रसन्नता और सम्मान को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल के मार्गदर्शन में हुआ।

कार्यक्रम में एल्डरली केयर सेंटर में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों ने उन्हें स्वस्थ खान-पान, उचित पोषण और नियमित दिनचर्या को लेकर आवश्यक परामर्श दिया। स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए योग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आयु और क्षमता के अनुरूप सरल योग एवं व्यायाम कराया गया।




मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता ने तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम को आनंददायक बनाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों के साथ विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां भी कराई गईं, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और उपलब्धियों को भी साझा किया। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने तथा नई पीढ़ी को जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों की सीख दी। उनके अनुभवों से कार्यक्रम में भावनात्मक एवं प्रेरणादायक माहौल बना।

कार्यक्रम के अंत में सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, डॉ. कार्तिकेय एवं अस्पताल सलाहकार प्रियंका ने वरिष्ठ नागरिकों को शॉल, श्रीफल एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ, सुखी एवं सक्रिय जीवन की कामना की गई।

कार्यक्रम में डॉ. रमाकांत, डॉ. तरब कौशर, फिजियोथेरेपिस्ट शीबा, सुमन, आंचल, मंजू जायसवाल एवं दीपक सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सम्मान और अपनत्व का अनुभव कराना रहा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!