चार करोड़ शुल्क जमा कर पालिका कॉम्पलेक्स की राह खोलने की मांग, चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम को सौंपा पत्र, सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों के व्यवस्थापन में भी मिलेगी मदद

Chandrakant Pargir

 


 

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, बैकुंठपुर ने जिला प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम को पत्र सौंपकर नगर में प्रस्तावित दो व्यावसायिक कॉम्पलेक्स के लिए भूमि संबंधी लगभग 4 करोड़ रुपये का शासकीय शुल्क जमा कराने नगर पालिका परिषद को निर्देशित करने की मांग की है। 

चेम्बर ने पत्र में बताया कि शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने पालिका बाजार कॉम्पलेक्स तथा अटल नगर के बगल में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया था। दोनों स्थान नगर के महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र हैं और यहां कॉम्पलेक्स बनने से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। चेम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा के साथ रविकांत गुप्ता के साथ कई सदस्य उपस्थित रहे।




चेम्बर के अनुसार प्रस्तावित भूमि के संबंध में नगर पालिका द्वारा निर्धारित शासकीय शुल्क जमा नहीं किए जाने के कारण भूमि अभी तक विधिवत नगर पालिका के नाम दर्ज नहीं हो सकी है। लगभग 4 करोड़ रुपये का शुल्क जमा किया जाना आवश्यक बताया गया है। शुल्क जमा नहीं होने से भूमि के नामांतरण एवं दर्जकरण की प्रक्रिया अटकी हुई है और इसके चलते कॉम्पलेक्स निर्माण की आगे की कार्रवाई भी शुरू नहीं हो पा रही है। चेम्बर ने कहा कि यदि शासन इस मामले में शीघ्र पहल करता है तो नगर के विकास को गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही आगामी सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित होने वाले व्यापारियों के व्यवस्थापन में भी इन प्रस्तावित कॉम्पलेक्स का उपयोग किया जा सकेगा। चेम्बर ने जनहित में प्रभारी मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर नगर पालिका को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।

पत्र में चेम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा तथा जिला अध्यक्ष शारदा प्रसाद गुप्ता के नाम शामिल हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!