बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में गौरव पथ से होकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय तथा कंचनपुर की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भर जाने से वाहन चालकों के लिए सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। खासकर बाइक और स्कूटी सवारों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
करीब आठ वर्ष पहले बनाए गए गौरव पथ की स्थिति भी कई स्थानों पर खराब हो चुकी है। जिला अस्पताल के पास सड़क के एक हिस्से में बारिश का पानी लगातार जमा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी सड़क के किनारे और सड़क के नीचे तक पहुंच रहा है, जिससे सड़क का कटाव भी बढ़ता जा रहा है।
इधर, इन दिनों इसी मार्ग पर पाइप बिछाने का कार्य भी किया जा रहा है। सड़क पर पाइप निकालकर छोड़ दिए जाने तथा पानी के बहाव की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क के आसपास कटाव की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण अथवा पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसके कारण समस्या लगातार बढ़ रही है।
गौरव पथ खत्म होते ही बढ़ जाती है परेशानी
गौरव पथ समाप्त होने के बाद कंचनपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क की हालत और खराब नजर आती है। जगह-जगह सड़क कट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे के बीच अंतर नजर नहीं आता। ऐसे में सामने से आने वाले वाहन को बचाने के प्रयास में दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिरने का शिकार हो रहे हैं।
पुलिया के पहले सड़क का हिस्सा विशेष रूप से जर्जर हो गया है। यहां सड़क के किनारे कटाव होने के साथ ही कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में इस मार्ग से गुजरना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
मुरुम डालकर तत्काल राहत देने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का स्थायी निर्माण या मरम्मत होने में समय लग सकता है, लेकिन फिलहाल बड़े गड्ढों में मुरुम डालकर उन्हें समतल कर दिया जाए तो वाहन चालकों को काफी राहत मिल सकती है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बारिश के दौरान किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल सड़क का निरीक्षण कराने तथा गड्ढों को भरने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यह मार्ग जिला अस्पताल, सीएमएचओ कार्यालय सहित कंचनपुर क्षेत्र को जोड़ता है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली को लंबे समय तक नजरअंदाज करना दुर्घटना को न्योता देने जैसा है। प्रशासन को तत्काल मौके का निरीक्षण कर जल निकासी, सड़क कटाव और गड्ढों की समस्या का समाधान कराने की जरूरत है।








