रेलवे आरक्षण केंद्र 15 दिनों से बंद, चेंबर ने नए व्यक्ति की नियुक्ति की मांग उठाई

Chandrakant Pargir

 


बैकुण्ठपुर। नगर में संचालित रेलवे आरक्षण केंद्र के करीब 15 दिनों से बंद रहने का मामला अब व्यापारिक संगठन तक पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, बैकुण्ठपुर इकाई ने नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर रेलवे आरक्षण केंद्र को शीघ्र पुनः प्रारंभ कराने तथा संचालन के लिए नए व्यक्ति की नियुक्ति कराने की मांग की है।



चेंबर ने पत्र में कहा है कि वर्तमान में त्यौहारों का समय होने के कारण रेल यात्रा के लिए आरक्षण टिकट की मांग बढ़ गई है। आरक्षण केंद्र बंद होने से नागरिकों, विद्यार्थियों, शासकीय कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैकुण्ठपुर से रेलवे आरक्षण की सुविधा लेने के लिए करीब 12 किलोमीटर दूर चरचा जाना पड़ता है। भारी बारिश और खराब मौसम के बीच विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।

चेंबर ने कहा कि बैकुण्ठपुर महत्वपूर्ण नगर एवं तहसील मुख्यालय है, ऐसे में यहां रेलवे आरक्षण केंद्र का नियमित संचालन जनहित में आवश्यक है। आगामी यात्रा सीजन और त्यौहारों को देखते हुए केंद्र को जल्द शुरू कराने के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार एवं आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

पत्र पर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा और जिला अध्यक्ष शारदा प्रसाद गुप्ता के हस्ताक्षर हैं। चेंबर ने उम्मीद जताई है कि जनहित के इस मामले में नगर पालिका एवं संबंधित रेलवे अधिकारियों द्वारा शीघ्र पहल की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!