बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘सियान सदन’ अथवा सीनियर सिटीजन एक्टिविटी एंड वेलफेयर सेंटर स्थापित किए जाने की मांग को लेकर भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ की जिला शाखा कोरिया ने पहल तेज कर दी है। संघ की ओर से 17 अगस्त को अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के समक्ष सियान सदन की आवश्यकता और उसकी उपयोगिता को विस्तार से रखा। संघ के सदस्य दीपक राजदान द्वारा तैयार किए गए विस्तृत प्रस्ताव प्रारूप के आधार पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसे केंद्र की जरूरत बताई गई, जहां सेवानिवृत्त एवं वरिष्ठ नागरिक सामाजिक, मानसिक और शारीरिक रूप से सक्रिय रह सकें। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में कई वरिष्ठ नागरिक एकाकीपन और सामाजिक दूरी की समस्या से जूझते हैं। ऐसे में सियान सदन उनके लिए संवाद, सहभागिता, सम्मान और सक्रिय जीवन का केंद्र बन सकता है।
संघ के अनुसार कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और प्रस्ताव पर आवश्यक शासकीय प्रक्रिया अपने स्तर से यथासंभव शीघ्र प्रारंभ किए जाने का आश्वासन दिया। कलेक्टर की संवेदनशीलता से प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जिले के वरिष्ठ नागरिकों को इस पहल का लाभ जल्द मिल सकेगा।
वरिष्ठों के अनुभव का समाज को मिले लाभ
महासंघ का कहना है कि सियान सदन केवल वरिष्ठ नागरिकों के बैठने अथवा मिलने-जुलने का स्थान नहीं होगा, बल्कि यह वरिष्ठों के अनुभव, ज्ञान और सामाजिक योगदान को नई दिशा देने वाला केंद्र बन सकता है। यहां विभिन्न गतिविधियों, संवाद कार्यक्रमों, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
संघ ने कहा कि यदि समाज कल्याण विभाग इस प्रस्ताव को सकारात्मकता और तत्परता के साथ आगे बढ़ाता है तो जिले के वरिष्ठ बुद्धिजीवियों और सेवानिवृत्त नागरिकों को अपनी उपयोगिता महसूस करने का एक बेहतर मंच मिलेगा। खासकर ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जो अकेलेपन का सामना कर रहे हैं, उनके लिए यह केंद्र सामाजिक जुड़ाव का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।
अब जनप्रतिनिधियों से सहयोग की उम्मीद
महासंघ ने इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए जिले के जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग लेने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधिमंडल जल्द ही विधायक भैयालाल राजवाड़े, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम से मुलाकात कर सियान सदन की स्थापना के लिए आवश्यक सहयोग और सैद्धांतिक सहमति का अनुरोध करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष प्रेमचंद्र गुप्ता, डॉ. अरविंद नारायण सिंह, दीपक राजदान, घनश्याम जायसवाल, अलविस तिर्की, श्रीमती मिनिजिया एक्का, रामकुमार राजवाड़े एवं प्रकाश गोस्वामी शामिल रहे। अब वरिष्ठ नागरिकों की नजर प्रशासन और शासन की ओर है कि प्रस्ताव को कितनी शीघ्रता से स्वीकृति मिलती है और बैकुंठपुर में सियान सदन का सपना कब साकार होता है।





