बैकुंठपुर/अंबिकापुर। कोरिया जिला न्यायालय भवन के विद्युतीकरण कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग (ई एंड एम) के अनुविभागीय अधिकारी पर गंभीर आरोप लगे हैं। दुर्ग निवासी ए-5 श्रेणी के ठेकेदार जगतपाल सिंह की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से विभागीय अधिकारियों को कानूनी नोटिस भेजा गया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2012-13 में जिला न्यायालय भवन के निर्माण एवं विद्युतीकरण कार्य का अनुबंध मिलने और कार्य पूर्ण होने के बावजूद बाद में विभाग ने कथित रूप से उसी विद्युतीकरण कार्य को दूसरे ठेकेदार को सौंप दिया, जिससे ठेकेदार को आर्थिक नुकसान हुआ।
नोटिस के अनुसार, ठेकेदार को कार्य पूर्ण होने का प्रमाण-पत्र भी जारी किया गया था, जिसमें कार्य संतोषजनक रूप से पूरा होने और कोई बकाया नहीं होने का उल्लेख है। इसके बावजूद आरोप है कि बाद में विभाग ने पूर्व अनुबंध और कार्यादेश की शर्तों की अनदेखी करते हुए उसी कार्य का नया प्राक्कलन तैयार कर दूसरे ठेकेदार को लाभ पहुंचाया। नोटिस में दावा किया गया है कि इससे ठेकेदार को 32.64 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ, जबकि मानसिक एवं शारीरिक क्षति सहित कुल 37.64 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की गई है।
नोटिस में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (ई एंड एम) सहित विभाग के अन्य अधिकारियों को दो माह के भीतर क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान करने की चेतावनी दी गई है। ऐसा नहीं होने पर सक्षम न्यायालय में वाद दायर करने की बात कही गई है। फिलहाल यह एक कानूनी नोटिस है और इसमें लगाए गए आरोपों पर लोक निर्माण विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।


