बैकुंठपुर। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी बैकुंठपुर से छुरीगढ़धाम में भगवान महादेव के जलाभिषेक के लिए भव्य कांवर यात्रा निकाली गई। प्रेमाशंकर महादेव मंदिर से यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व कांवरियों ने गेज नदी पहुंचकर पवित्र जल भरा। इसके बाद भगवान शिव के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच कांवरिए छुरीगढ़धाम के लिए रवाना हुए। यात्रा को लेकर शहर में सुबह से ही धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
कांवर यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ी। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवरियों का स्वागत किया। कुमार चौक पर विशेष धार्मिक आयोजन के तहत भगवान शिव के शिव तांडव का भव्य मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। शिव तांडव की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और पूरा चौक हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
कांवर यात्रा शहर से निकलकर विभिन्न गांवों से होते हुए छुरीगढ़धाम पहुंचेगी, जहां कांवरियों द्वारा गेज नदी से लाए गए पवित्र जल से भगवान महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। छुरीगढ़धाम में इस अवसर पर भव्य मेले का आयोजन भी किया गया है। मेले में बैकुंठपुर सहित आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से हजारों की संख्या में शिवभक्त पहुंच रहे हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा पूरा छुरीगढ़धाम हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान है।





