उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले संवर्त कुमार 'रूप', देवभूमि-छत्तीसगढ़ के बीच संवाद बढ़ाने पर हुई चर्चा, उपहार स्वरूप भेंट की हिमालय उत्पाद

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर, कोरिया। देवभूमि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कोरिया जिले के साहित्यकार, जनहित संघ अंतर्गत पंडो विकास समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं सम्यक क्रांति सूरजपुर संस्करण के संपादक संवर्त कुमार 'रूप' ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री निवास में शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपरा, पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहर और प्रशासनिक व्यवस्था पर अपने विचार साझा किए तथा देवभूमि और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संवाद को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनका बचपन मध्य क्षेत्र में बीता है और वहीं उन्होंने अपनी शिक्षा भी प्राप्त की। इसी कारण उनका छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से आज भी आत्मीय जुड़ाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। साथ ही उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ में छत्तीसगढ़ की जनता एवं संवर्त कुमार 'रूप' को विशेष रूप से आमंत्रित किया।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने संवर्त कुमार 'रूप' को उत्तराखंड की पहाड़ी किसान महिलाओं द्वारा निर्मित हाउस ऑफ हिमालय के उत्पाद तथा हिमालयी शॉल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस आत्मीय भेंट को देवभूमि उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!