नाबालिग की आत्महत्या के बाद फूटा जनाक्रोश, आईसी मार्ट संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर (कोरिया)। कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की आत्महत्या के बाद गुरुवार को परिजनों और नगरवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और बाद में आईसी मार्ट के सामने सड़क जाम कर आरोपी दुकान संचालक की तत्काल गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।



जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नाबालिग लड़की ग्राहक के रूप में बैकुंठपुर स्थित आईसी मार्ट पहुंची थी। आरोप है कि दुकान संचालक ने उस पर दुकान से सामान चोरी करने का आरोप लगाया, उसे कथित रूप से प्रताड़ित किया, उसकी स्कूटी अपने पास रख ली और 20 हजार रुपये की मांग की। परिजनों का आरोप है कि इस घटना से लड़की मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई और बुधवार दोपहर उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।



घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए आईसी मार्ट को सील कर दिया। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर मामले की विवेचना शुरू की गई।


इधर, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मृतका के परिजन और नगरवासी पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर सिटी कोतवाली पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए और आईसी मार्ट के सामने सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी संचालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा उसे फांसी जैसी कड़ी सजा दिलाने की मांग की।



इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने बताया कि आरोपी दुकान संचालक फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!