बैकुंठपुर: किसानों को आत्मनिर्भर बनाने कृषि विभाग की पहल, 47 किसानों को अरहर और लाभार्थियों को मूंगफली बीज का वितरण

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। खरीफ सीजन में दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि विभाग के उपसंचालक राजेश भारती के निर्देश पर विभाग के बैकुंठपुर एसडीओ द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम पंचायत मनसुख और कुड़ेली में आयोजित कार्यक्रमों में किसानों को उन्नत गुणवत्ता के बीज वितरित किए गए तथा वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह दी गई।




ग्राम पंचायत मनसुख में कृषि विभाग द्वारा आत्मनिर्भरता दलहन मिशन योजना एवं राष्ट्रीय पोषण सुरक्षा मिशन (दलहन) के अंतर्गत बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत चिल्का, मनसुख, गदबदी, अमरपुर, सारा, पोटेडांड और दोहड़ा के कुल 47 किसानों को अरहर बीज का वितरण किया गया। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि उन्नत किस्म के प्रमाणित बीजों के उपयोग से उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ लागत में कमी लाई जा सकती है। साथ ही दलहन फसलों के महत्व, संतुलित उर्वरक उपयोग और वैज्ञानिक खेती की जानकारी भी दी गई।




कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सौभाग्यवती खुसरो, जिला कृषि स्थायी समिति की सभापति स्नेहलता उदय, ग्राम पंचायत मनसुख की सरपंच दिल कुंवर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी वंदना सिंह श्याम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी त्रिभुवन सिंह परस्ते, राकेश कुमार पैकरा, कुलदीप कुशवाहा, रोजगार सहायक रामबाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




इसी क्रम में ग्राम कुड़ेली में नेशनल मिशन ऑन ऑयलसीड्स योजना के तहत बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच निलेश सिंह की उपस्थिति में पात्र किसानों को मूंगफली बीज वितरित किया गया। इस अवसर पर किसानों को तिलहन उत्पादन बढ़ाने, समय पर बुवाई, बीज उपचार तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कृषि विभाग ने किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!