बैकुंठपुर। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना में हाथी के हमले से सड़क निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना सोनहत वन परिक्षेत्र अंतर्गत देवसील गांव की आगे बस्ती में हुई, जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच निर्माण कार्य में लगे मजदूर दिनभर की मेहनत के बाद आग जलाकर भोजन करने के पश्चात विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हाथी वहां पहुंच गया और मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले में 22 वर्षीय गौरव पिता पूरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय अमर सिंह पिता जयकरण को उपचार के लिए सोनहत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से करीब चार किलोमीटर पहले उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दोनों मृतकों के परिवारों में घटना के बाद शोक की लहर है। वन विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों और श्रमिकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। यह घटना एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की गंभीर चुनौती को उजागर करती है, जिससे वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है।

