बैकुंठपुर। कोरिया जिले के ग्राम नौगई में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के बाद अब आरोपियों के खिलाफ जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं अब व्यापारियों ने भी आरोपियों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। व्यापारियों ने अनुविभागीय दण्डाधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर को शिकायत सौंपकर आरोपियों द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जों और निर्माणों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारी प्रकोष्ठ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी एवं उसके परिवार द्वारा ग्राम नौगई में स्थित खसरा नंबर 271/1, 271/2, 270, 398/5 एवं 400 की भूमि पर निजी भूमि से अतिरिक्त सड़क की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि इस अवैध निर्माण के कारण सड़क अत्यधिक संकरी हो गई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि यदि सड़क की भूमि पर अतिक्रमण नहीं किया गया होता तो सड़क पर्याप्त चौड़ी रहती और घटना के दौरान मृतक एवं अन्य लोग अपने वाहनों को आसानी से वहां से निकाल सकते थे। शिकायत में इस पहलू की भी जांच कराने की मांग की गई है।
बिना अनुमति बनाए गए कई मकान
ज्ञापन के अनुसार आरोपियों द्वारा मौके पर पांच पक्के एवं एक कच्चे मकान का निर्माण किया गया है तथा एक अन्य पक्का निर्माण कार्य भी जारी है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन निर्माण कार्यों के लिए न तो ग्राम पंचायत और न ही किसी सक्षम प्राधिकरण से अनुमति ली गई है। भूमि व्यपवर्तन (डायवर्सन) संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं हैं।
कटगोड़ी में भी अतिक्रमण का आरोप
व्यापारियों ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि हत्याकांड के कथित मास्टरमाइंड का मेडिकल स्टोर और मकान ग्राम कटगोड़ी में स्थित है। शिकायत के अनुसार संबंधित भूमि का क्षेत्रफल मात्र 2.5 डिसमिल है, लेकिन शासकीय भूमि खसरा नंबर 1217 पर अतिक्रमण कर दुकान एवं मकान का निर्माण कर लिया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निर्माण कार्य के लिए न तो सक्षम विभाग से अनुमति ली गई और न ही भूमि का विधिवत डायवर्सन कराया गया।
बुलडोजर कार्रवाई की मांग
व्यापारी प्रकोष्ठ ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के कथित अवैध कब्जों और निर्माणों की राजस्व जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरिया को भी भेजी गई है।
हत्याकांड से पूरे संभाग में आक्रोश
गौरतलब है कि 16 जून 2026 की रात ग्राम नौगई में हुए जघन्य हत्याकांड में भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन में जलकर मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो घायल अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। मामले में पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
हत्याकांड के बाद से क्षेत्र में लगातार विरोध प्रदर्शन, ज्ञापन और कार्रवाई की मांगें उठ रही हैं। अब व्यापारियों द्वारा अवैध कब्जों का मुद्दा उठाए जाने के बाद प्रशासन पर जांच और कार्रवाई का दबाव और बढ़ गया है।


