दूसरी बार जनदर्शन पहुंचा खंधौरा हाट बाजार अतिक्रमण का मामला, ग्राम सभा का प्रस्ताव सौंपकर कार्रवाई की मांग

Chandrakant Pargir



 बैकुण्ठपुर। जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खंधौरा के साप्ताहिक हाट बाजार में हो रहे कथित अवैध अतिक्रमण का मामला एक बार फिर जनदर्शन में पहुंच गया है। ग्राम पंचायत की सरपंच भुनेश्वरी सिरदार ग्रामीणों की बड़ी संख्या के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और ग्राम सभा का प्रस्ताव सौंपते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग की।




सरपंच ने बताया कि यह दूसरा अवसर है जब ग्रामीण इस समस्या को लेकर प्रशासन के समक्ष पहुंचे हैं। उनके अनुसार खंधौरा का साप्ताहिक हाट बाजार आसपास के लगभग 50 गांवों के लोगों के लिए प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां किसान, सब्जी विक्रेता, छोटे व्यापारी और ग्रामीण अपने उत्पादों की खरीद-बिक्री करने पहुंचते हैं। लेकिन बाजार स्थल की भूमि पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण व्यापारियों को दुकान लगाने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है।




ग्रामीणों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में हाट बाजार की व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। ग्राम सभा में भी इस मुद्दे पर प्रस्ताव पारित कर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है। सरपंच भुनेश्वरी सिरदार ने प्रशासन से बाजार स्थल का सीमांकन कराने, अवैध कब्जों पर रोक लगाने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की मांग की है।


सरपंच ने कहा कि हाट बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रशासन की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि ग्राम सभा द्वारा सर्वसम्मति से अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!