बैकुंठपुर।।कोरिया जिले की सभी पंचायत में जलसंग्रहण के दावों के बीच ग्रामीणों पर गड्ढे खोदने का दबाव बनाए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार एक पंचायत में करीब 300 गड्ढे खोदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और बीते 15 दिनों से ग्रामीणों से प्रतिदिन गड्ढा खोदकर उसकी फोटो उचित मूल्य दुकान के व्हाट्सएप ग्रुप में पोस्ट करने को कहा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसा नहीं करने पर राशन मिलने में दिक्कत की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समय क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं शादी-ब्याह का सीजन भी चल रहा है, जिससे अधिकांश लोग पारिवारिक कार्यों में व्यस्त हैं। ऐसे में कई ग्रामीणों ने फिलहाल गड्ढे खोदने का कार्य टाल दिया है, जबकि कुछ ही लोगों ने मजबूरी में काम किया है।
सूत्रों के अनुसार इस कार्य को लेकर मितानिन, कोटवार, सरपंच और सचिव पर भी ऊपर से दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वे ग्रामीणों पर लगातार दबाव डाल रहे हैं। इस पूरे मामले को लेकर गांव में असंतोष का माहौल है।
वहीं जलसंग्रहण को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि जिले में लगभग 1200 किसानों द्वारा गड्ढे खोदने और उससे जलस्तर बढ़ने की बात कही जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत में न तो गड्ढों में पानी भर पाया है और न ही जलस्तर में कोई खास सुधार देखा गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के कार्यों में दबाव बनाने के बजाय व्यवहारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए योजना बनाई जाए। वहीं मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

