चिरमिरी। कोयले की खदानों से देश को रोशन करने वाला चिरमिरी शहर अब खुद “रोशनी की आज़ादी” की ओर बढ़ चुका है। आज़ादी के 75 वर्षों बाद पहली बार नगर निगम चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र के सभी वार्डों में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) की सरकारी बिजली पहुंचने जा रही है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal के प्रयासों से यह ऐतिहासिक पहल अब जमीन पर उतरने लगी है।
चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र में रहने वाले हजारों परिवार वर्षों से निजी खदान प्रबंधन की बिजली व्यवस्था पर निर्भर थे। बिजली कटौती, कम वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति यहां की आम समस्या बन चुकी थी। कई पीढ़ियां बीत गईं लेकिन लोगों को कभी यह उम्मीद नहीं थी कि उनके घरों तक भी सरकारी बिजली पहुंचेगी। अब राज्य शासन की मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत इस लंबे इंतजार का अंत होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 09 दिसंबर 2024 को एमसीबी जिले के प्रवास के दौरान नगर निगम चिरमिरी में CSPDCL से बिजली आपूर्ति की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। राज्य शासन द्वारा 30 मार्च 2026 को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए ₹53.08 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं पूर्व स्वीकृत ₹0.49 करोड़ की राशि को मिलाकर कुल ₹53.57 करोड़ की लागत से वर्ष 2026-27 में अधोसंरचना विकास कार्य प्रारंभ होगा।
इस परियोजना के तहत एसईसीएल क्षेत्र के सभी वार्डों में विद्युत नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। बिजली पोल, ट्रांसफार्मर, लाइन विस्तार और आवश्यक विद्युत अधोसंरचना तैयार की जाएगी ताकि प्रत्येक घर तक नियमित सरकारी बिजली पहुंच सके। डोमनहिल, गेल्हापानी, कोरिया कॉलरी और पोड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में भी अब सरकारी बिजली का उजाला पहुंचेगा, जहां अब तक यह केवल एक सपना था।
स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल बिजली परियोजना नहीं, बल्कि चिरमिरी के लोगों के सम्मान और अधिकार से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच और दूरदृष्टि के कारण दशकों पुराना सपना अब पूरा होने जा रहा है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी की जनता लंबे समय से इस सुविधा की प्रतीक्षा कर रही थी और अब उन्हें स्थायी राहत मिलने वाली है।
इस ऐतिहासिक निर्णय से चिरमिरी के हजारों परिवारों को बेहतर जीवन सुविधा मिलेगी। नियमित बिजली आपूर्ति से बच्चों की पढ़ाई, छोटे व्यवसाय, स्वास्थ्य सेवाएं और दैनिक जीवन की व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा। जिस धरती ने वर्षों तक देश को ऊर्जा दी, अब उसी धरती के घर-घर में सरकारी बिजली का उजाला फैलने जा रहा है। चिरमिरी के लिए यह केवल एक विकास कार्य नहीं बल्कि इतिहास में दर्ज होने वाला स्वर्णिम अध्याय माना जा रहा है।

