बैकुंठपुर। कोरिया वन मंडल के देवगढ़ परिक्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में मृत महिला के परिजनों को वन विभाग द्वारा तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है। 5 मई 2026 की रात हाथियों के दल ने सोनबसिया (पति स्व. बृजलाल) पर हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पुत्र को वन परिक्षेत्राधिकारी एवं उप वन मंडलाधिकारी की उपस्थिति में 25,000 रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की पुष्टि की और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं।
वन विभाग ने बताया कि शेष मुआवजा राशि शासन के नियमों के तहत प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रदान की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

