बैकुंठपुर। कोरिया जिले की प्रतिभाशाली बेटी भूमि गुप्ता ने असिस्टेंट डायरेक्टर प्लानिंग परीक्षा में पूरे राज्य में 5वां स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता से जिले में खुशी का माहौल है और सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। भूमि के पिता दुर्गेश गुप्ता और माता माधुरी गुप्ता दोनों बेटी की इस सफलता पर बेहद खुश है।
भूमि गुप्ता के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक तैयारी जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित जिला ग्रंथालय में रहकर की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी प्रकार की निजी कोचिंग का सहारा नहीं लिया और स्वअध्ययन के माध्यम से सफलता प्राप्त की।
भूमि की इस उपलब्धि को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के बीच उनकी सफलता चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि लगन और मेहनत सच्ची हो तो बिना कोचिंग के भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने भूमि गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भूमि आगे भी इसी तरह जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
जिले के सामाजिक एवं शिक्षाविद वर्ग ने भी भूमि गुप्ता की सफलता को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम बताते हुए अन्य युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने की बात कही है।


