मनेन्द्रगढ़। रेल दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा 15 मई 2026 को मनेन्द्रगढ़ स्टेशन यार्ड में व्यापक आपातकालीन राहत एवं बचाव मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें सवारी गाड़ियों के दुर्घटनाग्रस्त होने की काल्पनिक स्थिति तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।
मॉक ड्रिल का संचालन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), रेलवे आपदा प्रबंधन टीम तथा मंडल संरक्षा विभाग के संयुक्त निर्देशन में किया जाएगा। अभ्यास के दौरान दुर्घटना में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, राहत उपकरणों के उपयोग तथा आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अभ्यास का उद्देश्य फ्रंट लाइन स्टाफ, रेलवे कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना है। इससे वास्तविक परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य कम समय में अधिक प्रभावी तरीके से किए जा सकेंगे।
अभ्यास के दौरान आम नागरिकों को भी सुरक्षा उपायों, आपदा के समय अपनाए जाने वाले जरूरी कदमों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही रेलवे की आपदा प्रबंधन टीम की तत्परता, समन्वय क्षमता और दुर्घटना राहत उपकरणों की कार्यक्षमता का परीक्षण भी किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि यह केवल आपदा प्रबंधन की तैयारी और जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित अभ्यास है।

