बैकुंठपुर।। कोरिया वन मंडल के देवगढ़ परिक्षेत्र में हाथियों के दल ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। घटना जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर घने जंगल क्षेत्र में हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना बीते दिन की है, जिसकी पुष्टि वन मंडलाधिकारी (DFO) प्रभाकर खलखो ने की है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका संबसिया अपने पति स्वर्गीय बृजलाल के साथ शेराडाँड़ क्षेत्र के अंदर रनगोवा नदी के पास जंगल में निवास करती थी। पति की मृत्यु के बाद वह अकेले ही वहीं रह रही थी। बताया जाता है कि हाथियों का दल जंगल में विचरण कर रहा था, इसी दौरान महिला उनकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका का पुत्र बसंतलाल, जो देवतीडाँड़ में निवास करता है, ग्राम पंचायत नवा टोला का पूर्व सरपंच रह चुका है। शेराडाँड़, ग्राम पंचायत देवतीडाँड़ का आश्रित ग्राम है और यह क्षेत्र घने जंगलों तथा वन्यजीवों की आवाजाही के लिए जाना जाता है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा परिजनों को नियमानुसार सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


