बैकुंठपुर (कोरिया), 20 अप्रैल 2026। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में भ्रम फैला रही है, जबकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 (128वां संविधान संशोधन) संसद के दोनों सदनों से पारित होकर पहले ही कानून बन चुका है।
प्रदीप गुप्ता ने बताया कि 16 अप्रैल 2026 को केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत 131वां संविधान संशोधन विधेयक सीधे तौर पर महिला आरक्षण से संबंधित नहीं था। उनके अनुसार, इस विधेयक के जरिए लोकसभा सीटों का परिसीमन बढ़ाकर 850 करने, 2011 की जनगणना को आधार बनाने तथा केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया था। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा महिला आरक्षण को “मुखौटा” बनाकर अपने अनुसार सीटों का परिसीमन कराना चाहती थी, जिसे विपक्ष की एकजुटता ने विफल कर दिया।
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार की मंशा वास्तव में महिला आरक्षण लागू करने की होती, तो वह वर्तमान सदस्य संख्या में ही 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू कर सकती थी, लेकिन सरकार परिसीमन का इंतजार कर रही है। कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया कि जब नई जनगणना प्रस्तावित है, तो 2011 के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन क्यों किया जा रहा है।
कांग्रेस ने अपने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने में पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। पंचायतों एवं नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण कांग्रेस की पहल से ही संभव हुआ, जिसके चलते आज बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधि सक्रिय हैं।
अंत में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा महिला सशक्तिकरण नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए परिसीमन कराना है। इसी कारण महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के साथ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, महामंत्री राजीव गुप्ता, सौरभ गुप्ता, पार्षद लवी गुप्ता सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

