बैकुंठपुर, 19 अप्रैल 2026। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में कथित घोटाले के विरोध में महिला कांग्रेस कोरिया ने रविवार को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के कुमार चौक में जोरदार प्रदर्शन करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन किया। प्रदर्शन प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन जिला अध्यक्ष (शहरी) चांदनी सोनी और जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) संजोती मरकाम के नेतृत्व में हुआ।
महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगभग 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में करीब 9.7 करोड़ रुपये की अनियमितता हुई है। उनका कहना है कि खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से की गई इस खरीदी में गुणवत्ता हीन साड़ियों की आपूर्ति की गई। निर्धारित 5.5 से 6.3 मीटर लंबाई के स्थान पर लगभग 5 मीटर की साड़ियां दी गईं, वहीं बाजार में कम कीमत वाली साड़ियों को अधिक मूल्य दिखाकर सप्लाई किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संजोती मरकाम ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के इस्तीफे की मांग की और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
नेताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर, अजय सिंह, मनोज दुबे (महामंत्री), हेमसागर यादव, बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव, विपुल शुक्ला, प्रांजल जायसवाल, मोनू माझी, रियाजउद्दीन, फारूक वसीम खान, बाबू, इब्राहिम , ममता गुप्ता, महिंदर कौर, कादिर अली, गोल्डन टेलर, उर्मिला, रानी रजवाड़े, दुर्गा, प्रेमा, भगवती, रामबाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




