कोरिया। वन विभाग में सख्ती का दौर जारी है। डीएफओ प्रभाकर खलखो स्वयं रातभर गश्ती में उतरीं और अपने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। इसी दौरान परिक्षेत्र अधिकारी सोनहत एवं टीम ने गश्ती के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को जप्त किया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, डीएफओ खलखो लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर निगरानी कर रही हैं। रातभर चली गश्ती के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए टीम ने ट्रैक्टर को पकड़ा, जिसमें बिना अनुमति रेत का परिवहन किया जा रहा था। जब्त वाहन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि अपने पूर्व कार्यकाल में भी प्रभाकर खलखो ने जंगलों में अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और कोयले के कारोबार पर काफी हद तक रोक लगाने में सफलता हासिल की थी। उन्होंने अवैध कोयला खदानों को ब्लास्ट कर बंद करवाने जैसी सख्त कार्रवाई भी की थी। अब नजरें देवखोल और फाटपानी के पहाड़ों पर बनी अवैध खदानों पर हैं, जहां प्रशासन के सहयोग से आगे की कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

