कोरिया की बेटियों ने रचा इतिहास, 10वीं मेरिट में दो छात्राओं ने बनाई जगह, 12वीं में जिला प्रदेश में अव्वल, तत्कालीन डीईओ जितेंद्र गुप्ता की रणनीति का सफल परिणाम आया सामने

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। 29 अप्रैल 2026। कोरिया जिले ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 10वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में जिले की दो छात्राओं ने स्थान बनाकर इतिहास रच दिया है। आत्मानंद महलपारा बैकुंठपुर की छात्रा अंशिका कश्यप ने प्रदेश स्तर पर 6वां स्थान हासिल किया है, जबकि शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर की आलिया परवीन ने 7वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। इस सफलता के पीछे तत्कालीन डीईओ जितेंद्र गुप्ता की रणनीति और उनका समर्पण देखा जा रहा है।  उन्होंने मिशन 100 शुरू किया जो अब सफल परिणाम के रूप में सबके सामने है।



वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी कोरिया जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले के विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम ने यह साबित कर दिया है कि यहां की शिक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और छात्र-छात्राएं मेहनत और लगन के दम पर सफलता हासिल कर रहे हैं। शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे शिक्षकों और विद्यार्थियों की संयुक्त मेहनत का परिणाम बताया है।



कोरिया जिले के इतिहास में यह पहली बार है जब एक साथ दो छात्राओं ने 10वीं की मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद जिले में जश्न का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शिक्षकों ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही, इस उपलब्धि से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और आने वाले वर्षों में और बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!