कोरिया/मनेंद्रगढ़। राज्य में नकली एवं मिस ब्रांडेड कॉस्मेटिक उत्पादों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 15 दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरुआत हो गई है। अभियान के पहले दिन कोरिया जिले में 08 तथा मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में 06, इस प्रकार कुल 14 कॉस्मेटिक फर्मों का निरीक्षण किया गया।
यह कार्रवाई सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के आदेश तथा नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त कॉस्मेटिक उत्पाद उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों में उपलब्ध कॉस्मेटिक उत्पादों के क्रय-विक्रय बिलों की जांच की गई तथा अभिलेखों का सत्यापन किया गया। साथ ही एक्सपायरी अथवा अवधि-समाप्त प्रसाधनों के भंडारण की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया और यह सुनिश्चित किया गया कि ऐसे उत्पादों को अलग एवं सुरक्षित रखा गया है।
इसके अतिरिक्त उत्पादों की लेबलिंग—जैसे निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच नंबर—की जांच की गई। भंडारण व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकांश प्रतिष्ठानों में व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि कुछ स्थानों पर आवश्यक सुधार के लिए निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वे कॉस्मेटिक उत्पाद केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें और सभी क्रय-विक्रय बिलों का विधिवत संधारण करें। साथ ही डुप्लिकेट एवं नकली उत्पादों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदेहास्पद वस्तु का विक्रय न करने के निर्देश दिए गए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

