कोरिया। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। 26 और 27 अप्रैल 2026 को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अप्रैल माह अभी समाप्त भी नहीं हुआ है और गर्मी अपने चरम पर है, ऐसे में मई महीने को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
इसी बीच कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में सोमवार 27 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की रिमझिम बारिश शुरू हो गई। दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी के बाद हुई इस बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के साथ उठी मिट्टी की सौंधी खुशबू ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवा और बारिश का आनंद लेते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। 28, 29 और 30 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई गई है। वहीं 1 मई 2026 को बारिश की संभावना व्यक्त की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री तक पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के अचानक मौसम परिवर्तन से गर्मी से अस्थायी राहत तो मिलती है, लेकिन इससे स्वास्थ्य पर भी प्रभाव पड़ सकता है। लोगों को सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने और तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।
फिलहाल, अचानक हुई इस बारिश ने तपती गर्मी के बीच राहत की फुहार बनकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान जरूर ला दी है।

