15 दिनों बाद महलपारा में लौटी पेयजल सप्लाई, उपाध्यक्ष आशीष यादव की पहल रंग लाई

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। कोरिया जिले की बैकुंठपुर नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 09 महलपारा में पिछले करीब 15 दिनों से गहराया पेयजल संकट आखिरकार समाप्त हो गया है। मझगवा रोड स्थित पम्प हाउस का पम्प जल जाने के कारण पूरे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिससे वार्डवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा था और कई परिवारों को निजी टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा था।

स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बाद नगरपालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके हस्तक्षेप के बाद पम्प हाउस में खराब पड़े पम्प की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया गया। साथ ही पाइप लाइन में आई तकनीकी खामियों को भी दूर किया गया और आवश्यक पाइपों की नई व्यवस्था कराई गई।

लगातार मॉनिटरिंग के चलते कुछ ही दिनों में मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया और अब क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गई है। पानी आने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और लंबे समय से चली आ रही समस्या से निजात मिलने पर खुशी जताई।

वार्डवासियों ने उपाध्यक्ष आशीष यादव के त्वरित प्रयासों और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर पहल नहीं होती, तो समस्या और गंभीर हो सकती थी। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

वहीं, उपाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर हैं। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया है कि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!