छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की एक सराहनीय पहल को असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया है। वार्ड क्रमांक 02 में लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाए जाने से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 02 में पार्षद राहुल गुप्ता द्वारा वार्डवासियों के सहयोग से मार्गदर्शन रोड के किनारे 100 शो-प्लांट्स का रोपण किया गया था। इन पौधों को विशेष रूप से बिलासपुर से मंगवाया गया था, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जा सके। इस पहल की न केवल वार्ड में बल्कि पूरे नगर में सराहना हो रही थी और यह अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रही थी।
लेकिन इस सकारात्मक पहल पर असामाजिक तत्वों ने दुर्भावनापूर्ण हमला कर दिया। अब तक 30 से अधिक पौधों को उखाड़ दिया गया है, जिससे पूरी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। यह कृत्य न केवल निंदनीय है, बल्कि यह दर्शाता है कि कुछ लोग विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों को भी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
पार्षद राहुल गुप्ता ने इस घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि “यह हरकत ओछी और घृणित मानसिकता का परिणाम है। जो लोग समाज के हित में किए जा रहे कार्यों को नुकसान पहुंचाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने बताया कि इस मामले में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।




