बैकुण्ठपुर (कोरिया)। भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सर्व अम्बेडकर-मूल निवासी विचार मंच, जिला-कोरिया द्वारा जिलेभर के नागरिकों को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
आयोजन की शुरुआत प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जिले के विभिन्न स्थानों—शिवपुर-चरचा, महोरा, बुड़ार, मधला पुसला, पतरापाली एवं कदरेंवा स्थित अम्बेडकर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी प्रेमाबाग मंदिर प्रांगण, बैकुण्ठपुर में एकत्रित होकर शोभायात्रा के रूप में जनपद पंचायत, फव्वारा चौक, कुमार चौक, ओड़गी नाका होते हुए एसईसीएल चौक मार्ग से कार्यक्रम स्थल मानस भवन पहुंचेंगे।
दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक बाबा साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण, बुद्ध वंदना, त्रिशरण पंचशील एवं संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया जाएगा। वहीं दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक भीम चालीसा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाबा साहब के जीवन परिचय, शिक्षा, पूना पैक्ट, हिन्दू कोड बिल, नारी सशक्तिकरण, अनुसूचित जनजाति के अधिकारों सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
साथ ही समाज के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा और उच्च पद पर पदोन्नत अधिकारी कमर्चारी, सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारियों व उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा
कार्यक्रम का समापन सायं 5:30 बजे से 6 बजे के बीच आभार प्रदर्शन के साथ किया जाएगा। आयोजकों ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

