कोरिया। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। चौदहा पेट्रोल पंप के पास स्थित एक विशाल गूलर के पेड़ को कुछ लोगों द्वारा काटा जा रहा था। शाम करीब 5 बजे पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक पास ही रहने वाले राजू साहू के मकान पर जा गिरा।
इस घटना में राजू साहू के घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घर की लोहे की शीट टूट गई, वहीं सबसे अधिक नुकसान उनके ट्रैक्टर को हुआ, जिस पर पेड़ की मोटी डालियां गिरने से इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ गिरने के दौरान बिजली की लाइन भी टूट गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद पेड़ काट रहे लोग मौके से फरार हो गए। पीड़ित राजू साहू ने बताया कि पेड़ काटने वाले व्यक्ति ने अनुमति होने की बात कही थी और खुद को लकड़ी व्यापारी बताया था। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्य मार्ग पर स्थित इतने बड़े हरे पेड़ को काटने की अनुमति कैसे मिल गई। यदि वैध अनुमति होती, तो कटाई वन विभाग की निगरानी में की जाती।
राजू साहू ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है और अपने नुकसान की भरपाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भी आक्रोश देखा जा रहा है और अवैध रूप से पेड़ कटाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।





