कोरिया। जिले के पटना तहसील क्षेत्र में शुक्रवार अपरान्ह करीब 3 बजे अचानक बदले मौसम ने कहर बरपा दिया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 7 मवेशियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार मौसम कुछ ही मिनटों में खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की घटना हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारिश से बचने के लिए मवेशी पास ही एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय तड़ित उसी पेड़ के समीप गिरा, जिसकी चपेट में आने से सभी मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई और कुछ समय तक कोई भी घटनास्थल के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
हादसे में पशु मालिक मंगली सिंह (पति रामकृपाल, जाति गोंड) के कुल 7 मवेशी—6 गाय और 1 बैल—मृत पाए गए। इनमें दो दुधारू गाय, एक गाभिन गाय, एक बैल तथा तीन बछिया शामिल हैं। इन मवेशियों के जरिए ही पशुपालक अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, ऐसे में अचानक हुई इस घटना से उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृत मवेशियों की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हल्का पटवारी योगेश गुप्ता को निर्देशित किया कि पीड़ित पशुपालक के लिए शीघ्र मुआवजा प्रकरण तैयार कर शासन स्तर पर भेजा जाए, ताकि जल्द से जल्द राहत राशि मिल सके। इस दौरान पार्षद सुजीत सोनी, विनोद यादव, सुमनत मित्रा, संतोष यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से हुए इस नुकसान का उचित मुआवजा शीघ्र प्रदान किया जाए, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।


