मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल अपनी पुत्री के विवाह का निमंत्रण देने सपरिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने दिल्ली स्थित संसद भवन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी बेटी डॉ. कंचन जायसवाल के विवाह समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रधानमंत्री ने आत्मीयता के साथ परिवार से मुलाकात कर बिटिया को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
परिवार संग पहुंचे, मिला स्नेहिल आशीर्वाद
इस खास अवसर पर मंत्री जायसवाल अपनी पत्नी कांति जायसवाल, पुत्री डॉ. कंचन जायसवाल और दोनों बेटे उत्तम व अमित जायसवाल के साथ प्रधानमंत्री से मिले। प्रधानमंत्री मोदी ने बेहद सहज और आत्मीय अंदाज में परिवार का स्वागत किया और कंचन के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। इस दौरान का माहौल भावुक रहा और पूरा परिवार इस स्नेहिल मुलाकात से अभिभूत नजर आया।
26 अप्रैल को होगा विवाह, इंदौर से जुड़ा रिश्ता
मंत्री की सुपुत्री डॉ. कंचन जायसवाल का विवाह इंदौर निवासी एक पायलट के साथ तय हुआ है। विवाह की तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है, जिसकी तैयारियाँ जोर-शोर से जारी हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली दौरे में दिग्गज नेताओं से भी करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री से भेंट के बाद मंत्री जायसवाल अपने दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। वे सभी को व्यक्तिगत रूप से विवाह का निमंत्रण देकर इस पारिवारिक आयोजन में शामिल होने का आग्रह करेंगे।



