कोरिया। पटना तहसील क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से हुई 7 गौवंशों की मौत के बाद आज गौ सेवक अनुराग दुबे और रिचेश सिंह मौके पर ग्राम चितमार पारा पहुंचे। दोनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित पशुपालक के प्रति संवेदना जताई। इस दौरान पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही, जिन्होंने सभी मृत गौवंशों का विधिवत पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढा खोदकर सभी गौवंशों को दफनाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे और घटना को लेकर शोक का माहौल बना रहा। पशु चिकित्सकों ने बताया कि सभी गौवंशों की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई है।
गौ सेवकों के बयान
गौ सेवक अनुराग दुबे ने कहा, “यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। एक साथ इतने गौवंशों की मृत्यु होना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। शासन-प्रशासन को पीड़ित पशुपालक को शीघ्र उचित मुआवजा देना चाहिए।”
वहीं गौ सेवक रिचेश सिंह ने कहा, “प्राकृतिक आपदा के कारण हुआ यह नुकसान बहुत बड़ा है। हम सभी को ऐसे समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। प्रशासन से मांग है कि जल्द राहत राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि पशुपालक को कुछ सहारा मिल सके।”



