चिरमिरी/मनेंद्रगढ़। कोयलांचल क्षेत्र चिरमिरी और जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में अब ‘बोर्ड लगाओ और भूल जाओ’ वाली राजनीति का दौर खत्म होता नजर आ रहा है। वर्षों तक घोषणाओं और प्रतीकात्मक कदमों में उलझा रहा स्वास्थ्य ढांचा अब वास्तविक विकास की ओर बढ़ चुका है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के नेतृत्व में एमसीबी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।
कांग्रेस शासन में ‘बोर्ड’ तक सिमटी थी योजना
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में कांग्रेस शासनकाल के दौरान चिरमिरी में मल्टी स्पेशियल्टी हॉस्पिटल का केवल बोर्ड लगाकर विकास का दावा किया गया था। तत्कालीन विधायक डॉ. विनय जायसवाल द्वारा लगवाया गया यह बोर्ड कुछ ही समय में हट गया, जिससे जनता में निराशा और आक्रोश फैल गया। अस्पताल का सपना कागजों से आगे नहीं बढ़ पाया और यह मामला क्षेत्र में ‘बोर्ड पॉलिटिक्स’ के रूप में चर्चा का विषय बन गया।
अब ‘काम’ बोल रहा है, योजनाएं उतर रहीं जमीन पर
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद हालात तेजी से बदले हैं। स्वास्थ्य मंत्री का जिम्मा मिलने के बाद श्यामबिहारी जायसवाल ने एमसीबी जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता में रखा। मनेंद्रगढ़ का जिला अस्पताल अब पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहा है और यहां मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है।
मेडिकल कॉलेज बनेगा क्षेत्र की पहचान
मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी के बीच निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज इस क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित होने जा रहा है। इस परियोजना से न केवल उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा और रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे स्वास्थ्य मंत्री की विशेष निगरानी में पूरा किया जा रहा है।
मेंटल हॉस्पिटल से मिलेगा नई सुविधा का लाभ
जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के बाद अब चिरमिरी में अत्याधुनिक मानसिक चिकित्सालय (मेंटल हॉस्पिटल) स्थापित करने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। यह सुविधा पूरे संभाग के मरीजों के लिए लाभकारी साबित होगी, जिससे मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की कमी दूर होगी।
जनता को दिख रहा बदलाव
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं में हो रहा यह सुधार न केवल आम जनता का भरोसा बढ़ा रहा है, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति दे रहा है।

