कोरिया जिले में फिर फैली ‘बच्चा चोर’ की अफवाह, निर्दोषों पर हमले बढ़े, अफवाह पर रोक लगाए जाने की हो रही है मांग

Chandrakant Pargir


 कोरिया (छत्तीसगढ़)। जिले के ग्रामीण इलाकों में एक बार फिर ‘बच्चा चोर’ की अफवाह ने जोर पकड़ लिया है, जिससे भय और अराजकता का माहौल बनता जा रहा है। हालात ये हैं कि संदेह के आधार पर बाहर से आने वाले लोगों की पिटाई तक की जा रही है।

बैकुंठपुर क्षेत्र के ग्राम नरकेली में 4-5 दिन पहले एक अनजान व्यक्ति को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर बुरी तरह पीट दिया। इसी तरह एक अन्य घटना में भी एक व्यक्ति को भीड़ ने घेर लिया और मारपीट की, जिसे बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बाहर निकाला। इन घटनाओं से साफ है कि अफवाहें अब हिंसा का रूप लेने लगी हैं।

जानकारी के अनुसार, गांवों के व्हाट्सएप ग्रुप में बच्चा चोरी से जुड़ी फर्जी और भ्रामक सूचनाएं तेजी से वायरल हो रही हैं। चिंता की बात यह है कि कुछ स्थानों पर गांव के कोटवार भी बिना पुष्टि के ऐसी जानकारियां साझा कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में डर और भ्रम और बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अफवाहों के कारण आमजन में अनावश्यक भय का माहौल बन गया है और निर्दोष लोग इसका शिकार हो रहे हैं। यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

प्रशासन और पुलिस से मांग की जा रही है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और ग्रामीणों को जागरूक किया जाए कि वे बिना सत्यापन किसी भी सूचना पर विश्वास न करें। साथ ही, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की भी अपील की जा रही है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी की जान जोखिम में न पड़े।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!