जनकपुर। मनेन्द्रगढ़ वनमंडल के जनकपुर नगर पंचायत क्षेत्र में भालुओं की बढ़ती आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल था। इसी क्रम में वनमंडलाधिकारी मनेन्द्रगढ़ के निर्देश पर 11 फरवरी 2026 की रात वन विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर एक स्वस्थ युवा नर भालू का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। भालू श्री अंकुर प्रताप सिंह के घर और बाड़ी के आसपास लगातार दिखाई दे रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में भय बना हुआ था।
प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक एवं प्रभारी परिक्षेत्र अधिकारी कुवांरपुर के नेतृत्व में टीम ने रात में पिंजड़ा लगाकर सावधानीपूर्वक भालू को पकड़ा। इसके बाद आवश्यक पंचनामा तैयार कर भालू को पिंजड़े सहित शासकीय वाहन से गांव से काफी दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर बिना किसी क्षति के छोड़ दिया गया। पिंजड़े से मुक्त होते ही भालू तेजी से जंगल की ओर भाग गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस रेस्क्यू अभियान में बीएफओ पतवाही राजेन्द्र परस्ते, परिक्षेत्र सहायक मसौरा प्रदीप दुबे तथा वनरक्षक गजाधर सिंह सहित वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।


