कोरिया | 21 जनवरी। कोरिया जिले में 21 जनवरी तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के बीच रोजाना ऐसे दृश्य सामने आ रहे हैं, जो प्रशासनिक प्रयासों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
ताजा मामला जिले का है, जहां एक ही बाइक पर पांच युवक सवार होकर तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ते नजर आए। न तो किसी के सिर पर हेलमेट था और न ही यातायात नियमों का कोई खौफ। यह नजारा ऐसे समय में सामने आया है, जब जिले में आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं और मौतों के बावजूद युवा वर्ग यातायात नियमों को गंभीरता से लेने को तैयार नहीं है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान इस तरह की लापरवाही न केवल खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा जोखिम बन रही है। अब सवाल यह है कि जागरूकता अभियानों के साथ-साथ क्या सख्त कार्रवाई से ही ऐसे खतरनाक नजारों पर लगाम लगाई जा सकेगी?


