खड़गवां (एमसीबी)। आज रविवार को एमसीबी जिले के खड़गवां जनपद पंचायत मैदान में आईटीओ/आरटीओ विभाग द्वारा लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया था। शिविर की सूचना मिलते ही सुबह 8 बजे से ही बड़ी संख्या में युवा कैम्प स्थल पर पहुंच गए, लेकिन खबर लिखे जाने तक आरटीओ विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे थे।
सुबह से लाइन में लगे युवाओं में छात्र, नौकरीपेशा और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग शामिल हैं। कई युवक दूर-दराज के गांवों से समय और पैसा खर्च कर कैम्प स्थल तक पहुंचे, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। अव्यवस्था के बीच खड़े युवाओं में धीरे-धीरे नाराजगी भी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा शिविर की तारीख और समय तय किया गया, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारियों की गैरहाजिरी ने पूरे आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवाओं ने आरोप लगाया कि सरकारी कैम्प केवल कागजों में ही समय पर लगते हैं, जबकि ज़मीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
कई अभ्यर्थियों ने आशंका जताई कि यदि कर्मचारी देर से पहुंचे या शिविर निरस्त हुआ तो उन्हें दोबारा समय निकालना पड़ेगा, जो उनके लिए मुश्किल होगा। इस लापरवाही से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि आरटीओ विभाग के अधिकारी कब तक कैम्प स्थल पर पहुंचते हैं और युवाओं को राहत मिलती है या यह शिविर भी अव्यवस्था और उदासीनता की भेंट चढ़ जाता है।



