ग्राम सभा में अव्यवस्था, वित्तीय अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने किया बहिष्कार

Chandrakant Pargir

 



कोरिया। बैकुंठपुर जनपद के ग्राम पंचायत तलवापारा में रविवार 25 जनवरी 2026 को आयोजित ग्राम सभा अव्यवस्था और गंभीर आरोपों के चलते विवादों में घिर गई। ग्राम सभा का समय दोपहर 1 बजे निर्धारित था, लेकिन ग्राम पंचायत सचिव बृजेश साहू (जिनका 3 नवंबर 2025 को स्थानांतरण हो चुका है) लगभग दो बजे पंचायत कार्यालय पहुंचे। एक घंटे की देरी से नाराज दर्जनों ग्रामीण ग्राम सभा स्थल से लौट गए, जबकि कुछ ग्रामीण एवं पंच मौके पर मौजूद रहे।




ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों और पंचों ने ग्राम पंचायत में 15वें वित्त आयोग एवं मूलभूत मद की राशि के उपयोग में व्यापक अनियमितता के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत में कराए जाने वाले विकास कार्यों की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती। वहीं पंचों ने आरोप लगाया कि न तो प्रस्तावों पर उनके हस्ताक्षर कराए जाते हैं और न ही पंचायत द्वारा निकाली जा रही राशि की जानकारी साझा की जाती है। पंचों के अनुसार ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता का पूर्णतः अभाव है।




ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत भवन लगभग चार माह बाद खोला गया और उसी दिन ग्राम सभा आयोजित कर दी गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त रहा। इन्हीं कारणों से ग्राम सभा का बहिष्कार किया गया।

ग्राम निवासी दीपक साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत तलवापारा में लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। 15वें वित्त एवं मूलभूत मद की राशि का दुरुपयोग किया गया है, जिसका लाभ जमीनी स्तर पर विकास कार्यों में दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा का बहिष्कार प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए मजबूरी में किया गया कदम है।

वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पंचायत द्वारा किए गए सभी भुगतान नियमानुसार हैं और किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में सभी नियमों का पालन किया गया है और लगाए जा रहे आरोप भ्रम फैलाने के उद्देश्य से हैं।

इस मामले में पंचायत सचिव बृजेश साहू ने अपनी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। सचिव की चुप्पी से ग्रामीणों में असंतोष और बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने कहा  है कि यदि पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं की गई तो वे आगे भी विरोध जारी रखेंगे और उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। ग्राम सभा के बहिष्कार और लगाए गए आरोपों ने पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!