प्रदेश में खुलेंगे 12 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 144 पदों को मिली स्वीकृति

Chandrakant Pargir

 


रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया है। राज्य में 12 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही इन केंद्रों के संचालन के लिए कुल 144 नए पदों को भी मंजूरी दी गई है।

प्रत्येक नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सा अधिकारी सहित कुल 12 मेडिकल स्टाफ की पदस्थापना की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

इस महत्वपूर्ण निर्णय पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नए स्वास्थ्य केंद्र खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों में उपचार, जांच और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ होंगी।

इन क्षेत्रों को मिली स्वीकृति

नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति चिरमिरी के कोरिया कालरी, खड़गवाँ जनपद के ग्राम पंचायत जरौंधा, कोंडागांव विकासखंड के ग्राम गोलावंड तथा बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम मुरमा को दी गई है। इसके अलावा कोरिया जिले के ग्राम सकरिया, राजपुर विकासखंड के ग्राम सेवारी, दरभा विकासखंड के ग्राम पोड़ागुड़ा एवं ग्राम चिंतापुर तथा दुलदुला विकासखंड के ग्राम करडेगा में भी नए पीएचसी खोले जाएंगे।

इसी क्रम में विकासखंड फरसाबहार के ग्राम पेटामारा (अकीरा) और ग्राम गंझियाडीह तथा विकासखंड कुनकुरी के ग्राम केराडीह में भी नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन केंद्रों के शुरू होने से क्षेत्रीय आबादी को जिला अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!