बैकुंठपुर में दो प्रमुख भूमि अधिग्रहण पर खर्च की जाएगी राशि, एक माह में भुगतान नहीं हुआ तो निंदा प्रस्ताव

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। कोरिया जिले के नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठपुर शहर में मानस भवन के समीप तथा भट्टीपारा में स्कूल के सामने स्थित भूमि के अधिग्रहण को लेकर लंबे समय से अटकी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर नगर पालिका परिषद में सहमति बन गई है। दोनों भूखंडों को नगर पालिका के अधिपत्य में लेने के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की राशि जमा किए जाने का निर्णय लिया गया है, हालांकि यह राशि पिछले डेढ़ वर्ष से लंबित बनी हुई थी।


इस संबंध में 12 दिसंबर 2025 को आयोजित नगर पालिका परिषद की बैठक में गैस पाइप लाइन से प्राप्त राशि के माध्यम से लंबित देनदारियों के भुगतान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में वर्षों से पेंडिंग पड़े भुगतानों के निपटारे की तैयारी थी, लेकिन इस प्रस्ताव पर परिषद सदस्यों के बीच सहमति नहीं बन सकी।




हालांकि परिषद की बैठक में यह स्पष्ट सहमति बनी कि मानस भवन के बगल और भट्टीपारा स्थित स्कूल के सामने की भूमि के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की राशि अनिवार्य रूप से जमा की जाएगी। नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव ने इस मुद्दे को शहर के विकास से जोड़ते हुए मजबूती से उठाया और भुगतान की समय-सीमा तय करने पर जोर दिया। उपाध्यक्ष ने कहा कि यदि एक माह के भीतर अधिपत्य की राशि जमा नहीं की जाती, तो आगामी परिषद बैठक में सीएमओ एवं राजस्व अधिकारी के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा।


गौरतलब है कि शहर के बीचों-बीच स्थित इन दोनों भूमि पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। इन कॉम्प्लेक्स के निर्माण से जहां नगर पालिका की आय में वृद्धि होगी, वहीं शहर के व्यावसायिक एवं संरचनात्मक विकास को भी गति मिलने की संभावना है।


परिषद सूत्रों के अनुसार गैस पाइप लाइन से प्राप्त राशि का बड़ा हिस्सा पूर्व में ही विभिन्न मदों में खर्च किया जा चुका है, जबकि शेष राशि को भी लंबित भुगतानों में उपयोग किए जाने की तैयारी थी। ऐसे में इन दोनों भूमि के लिए राशि किस स्रोत से और कब उपलब्ध कराई जाएगी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।


अब सभी की नजरें आगामी परिषद बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि प्रशासन समय सीमा के भीतर निर्णय को अमल में लाता है या फिर यह महत्वपूर्ण मामला एक बार फिर लंबित रह जाता है।



#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!