एमसीबी। भरतपुर तहसील के बहरासी परिक्षेत्र में जंगली हाथियों के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में 11 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बड़वार में रविवार शाम करीब 7 बजे एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें हाथियों ने एक ग्रामीण की बाइक को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार मुकेश नामक ग्रामीण, जो बड़गांव कला से बाजार कर अपने घर लौट रहा था, गांव पहुंचने से पहले आधे रास्ते में अचानक हाथियों के दल से आमना-सामना हो गया। हाथियों को सामने देख मुकेश घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर मौके से भाग गया। इसके बाद हाथियों ने बाइक को पूरी तरह कुचल दिया।
इतना ही नहीं, बाइक की डिक्की में रखे नकद रुपये और जरूरी कागजात भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया, जिससे ग्रामीण को आर्थिक क्षति हुई है। गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीण वहां से भाग निकला, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद हाथियों का दल वहां से जंगल की ओर बढ़ते हुए हर्री दिशा में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में डर का माहौल फैल गया है और लोग शाम के समय घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की निगरानी बढ़ाने, गश्त कराने और ग्रामीणों को सतर्क करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।


