डीएफओ कार्यालय का घेराव 9 दिसंबर को, कांग्रेस ने वन विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

Chandrakant Pargir

 


मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले में वन विभाग की लगातार बढ़ती अनियमितताओं, बैगा जनजाति पर कथित अत्याचार, जंगलों में अवैध कटाई–तस्करी और वन्यजीव सुरक्षा में लापरवाही के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी 9 दिसंबर को बड़ा आंदोलन करने जा रही है। इस दिन खेड़िया चौक से विशाल रैली निकालकर डीएफओ कार्यालय मनेंद्रगढ़ का घेराव किया जाएगा।



जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि बैगा जनजाति के परिवारों के घरों को तोड़ना वन विभाग का अमानवीय कृत्य है। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने ने आगे कहा कि  जिले के जंगलों में हो रही अवैध कटाई–तस्करी पर विभाग की ‘औपचारिक कार्रवाई’ को सवालों के घेरे में लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लकड़ी माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में खुले में घूम रहे वन्यजीव आम लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं, लेकिन विभाग पूरी तरह उदासीन है। उन्होंने दावा किया कि 9 दिसंबर का घेराव युवा शक्ति की व्यापक भागीदारी के साथ होगा।

जिला कांग्रेस महामंत्री राजकुमार केसरवानी ने फॉसिल पार्क, ट्री गार्ड खरीदी, CEA मद सहित कई योजनाओं में भारी वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसे जनता के धन की खुली लूट बताया।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने जिले के DFO पर निरंकुश व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी न जनप्रतिनिधियों की सुन रहे हैं और न ही जनता की शिकायतों पर कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनमाने और भ्रष्ट अधिकारी को हटाए जाने तक संघर्ष जारी रहेगा और 9 दिसंबर का घेराव इसी लड़ाई की शुरुआत होगा।

जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल, प्रकोष्ठों और आम जनता से बड़ी संख्या में रैली एवं घेराव में शामिल होने की अपील की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!