रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अपने जन्मदिन (13 दिसंबर) से ठीक पहले एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि इस बार उनका मन अत्यंत व्यथित है क्योंकि परिवार के मुखिया सहित कई प्रियजन, जो उनके लिए भाई समान थे, अब इस दुनिया में नहीं रहे। इसी कारण इस वर्ष वे जन्मदिन पर किसी कार्यक्रम या मुलाकात का आयोजन नहीं करेंगे।
डॉ. महंत ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से अपील करते हुए कहा, “जहाँ हैं, वहीं से दो पल दिल से शुभकामनाएँ दें। आपका सदैव ऋणी रहूंगा।" उन्होंने आगे कहा कि यदि संभव हो तो लोग किसी गरीब, जरूरतमंद की मदद करें, दान करें या एक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उनके अनुसार, यह पुण्य कार्य ही उनके लिए सबसे अनमोल जन्मदिन उपहार होगा।
नेता प्रतिपक्ष ने अंत में सभी समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार उनका जन्मदिन श्रद्धांजलि, सेवा और सरलता को समर्पित रहेगा।

