बैकुंठपुर में गैस पाइपलाइन कार्य ने बिगाड़ी पेयजल व्यवस्था, तीन दिन बाद कुछ इलाकों में बहाल हुई सप्लाई, ठेकेदार पर मेहरबान नपा प्रशासन

Chandrakant Pargir


बैकुंठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी की लापरवाही के चलते बीते तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। शुक्रवार शाम को कड़ी मशक्कत और लगातार दबाव के बाद नगर के कुछ वार्डों में ही पानी की सप्लाई शुरू हो पाई है, जबकि कई क्षेत्रों में अब भी लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।


दरअसल, नगर पालिका प्रशासन ने गैस लाइन बिछाने वाली कंपनी को शर्तों के साथ सड़क खोदने की अनुमति दी थी। शर्त स्पष्ट थी कि डामर सड़क तोड़ने पर उसे दोबारा बनाना होगा, सीसी सड़क को रिपेयर करना होगा और मिट्टी की सड़क को पूर्ववत समतल करना होगा। इसके बावजूद पाइप डालने के दौरान जगह-जगह पेयजल नल की पाइपलाइन तोड़ दी गई। आरोप है कि ठेकेदार ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को दुरुस्त किए बिना ही काम अधूरा छोड़ दिया, जिस पर नगर पालिका प्रशासन ने भी कोई सख्ती नहीं दिखाई। नतीजतन पूरे शहर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई।


इधर खुटहनपारा क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बनी नई डामर सड़क को भी गैस पाइपलाइन डालने के नाम पर खोद दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार सड़क को दोबारा बनाने में रुचि नहीं दिखा रहा है और नगर पालिका प्रशासन भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। इससे पहले नल जल योजना के दौरान भी इसी तरह सड़कें खोदकर छोड़ दी गई थीं। नागरिकों को आशंका है कि गैस पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद ठेकेदार अन्य सड़कों की मरम्मत किए बिना चुपचाप निकल जाएगा और बाद में नगर पालिका को गड्ढों वाली सड़कों से ही काम चलाना पड़ेगा। इस पूरे मामले को लेकर शहरवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!