ग्राम पंचायत खोड़ में सचिव के खिलाफ आमरण अनशन, आज से शुरू हुआ बड़ा जनआंदोलन

Chandrakant Pargir

 


 


बैकुंठपुर।कोरिया जिले की जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खोड़ में आज 15 दिसंबर 2025 से पंचायत सचिव राम सुशील पाण्डेय के विरुद्ध अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू हो गया है। यह आंदोलन ग्राम सभा अध्यक्ष रियका सिंह के नेतृत्व में पंचायत कार्यालय के सामने प्रारंभ किया गया। ग्रामवासियों का आरोप है कि सचिव द्वारा लंबे समय से ग्राम सभा की कार्यवाही में मनमानी, नियमों की अनदेखी और झूठी जानकारी देकर ग्रामीणों को गुमराह किया जा रहा है, जिसकी शिकायतें पूर्व में कई बार की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।



आंदोलनकारियों का कहना है कि ग्राम सभा में गणपूर्ति नहीं होने के बावजूद जबरन बैठक कराई जाती है और नियम बदलने का हवाला देकर सचिव द्वारा गलत जानकारी दी जाती है। पंचायत की आय–व्यय की जानकारी ग्राम सभा में प्रस्तुत नहीं की जाती। वहीं गांव में स्थित एसईसीएल कोयला खदान एवं दूरसंचार कंपनियों के मोबाइल टावरों से मिलने वाले वार्षिक कर और निर्यात शुल्क को लेकर भी कोई प्रस्ताव या दस्तावेज तैयार नहीं किए गए, जिससे पंचायत को राजस्व हानि होने का आरोप लगाया गया है।


ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 03 अक्टूबर 2025 की ग्राम सभा में परम्परागत वन संसाधन अधिकार पत्र जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा होने के बावजूद उसे कार्यवाही पंजी में दर्ज नहीं किया गया। इसके अलावा ग्राम सभा कार्यवाही पंजी में अध्यक्ष के हस्ताक्षर नहीं कराए जाने और पंचायत कार्यालय से टीवी गायब होने के मामले में भी अब तक कोई निष्पक्ष जांच नहीं हुई है। इन्हीं सभी मांगों को लेकर आज से आमरण अनशन शुरू किया गया है।


इस आमरण अनशन में वार्ड पंच श्रीमती सुमित्रा पोया, बाबी सिंह, शारदा, बहाल सिंह, राज लाल, प्रहलाद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। आंदोलन में लखन सिंह, सुंदर लाल, शिव नारायण, शिवधारी सिंह, रानू सिंह, अनीता सिंह, संत लाल, राकेश समेत कई अन्य ग्रामीणों की सक्रिय मौजूदगी रही। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक सचिव के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आमरण अनशन और आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन की भूमिका और आगामी कार्रवाई पर अब पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!