बैकुंठपुर। कोरिया जिले के कोरिया वनमंडल अंतर्गत देवगढ़ परिक्षेत्र में 11 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और किसानों में भारी चिंता का माहौल है। बुधवार–गुरुवार की दरमियानी रात यह झुंड बीट आनंदपुर क्षेत्र में सक्रिय रहा और सेमर खाड़ी नाला से होते हुए ग्राम केराझरिया, टेडगा नाला, दुधनिया, अगवाही और पुशला तक पहुंच गया। हाथियों ने रातभर कई स्थानों पर धान की खड़ी फसलों को रौंदा और काफी मात्रा में खा भी लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक फसलें कटाई के कगार पर थीं और हाथियों के हमले से भारी आर्थिक नुकसान का अंदेशा है। हाथियों के विचरण के दौरान कई परिवार रातभर घरों से बाहर नहीं निकल सके। सुबह करीब 5:30 बजे यह दल केराझरिया उसना पारा मार्ग से होकर फिर बीट आनंदपुर के कक्ष क्रमांक P-456 स्थित सेमर खाड़ी नाला इलाके में पहुंचा, जहां वे इस समय विश्राम कर रहे हैं।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर फसल क्षति का सर्वे कर रही है। अधिकारी नुकसान का विस्तृत आंकलन तैयार कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया और मुआवजा कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब न जाएं और सतर्क रहें, जबकि गश्ती दल लगातार गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

