छ.ग. कोल आदिवासी समाज सेवा संघ ने मनाया जनजातीय गौरव दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों का हुआ सम्मान

Chandrakant Pargir

 


कोरबा। छत्तीसगढ़ कोल आदिवासी समाज सेवा संघ द्वारा दिनांक 30 नवंबर 2025, रविवार को मल्टीपरपज हाई स्कूल, पेड़ा में जनजातीय गौरव दिवस बड़े हर्ष एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कोरबा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, पेंड्रा-गौरेला- मरवाही, चांपा-जांजगीर, बिलासपुर, रायपुर, कबीरधाम एवं मुंगेली जिले से बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


कार्यक्रम की शुरुआत प्रांताध्यक्ष युगुल किशोर शांडिल्य एवं अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा एवं बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से की गई। इस अवसर पर धरती आबा बिरसा मुंडा के जीवन, योगदान एवं संघर्ष को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। समाज की महिला मंडली एवं युवतियों द्वारा पारंपरिक सुआ नृत्य एवं शैला नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं।


कार्यक्रम के दौरान हाल में सम्पन्न नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में कोल समाज के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों—जनपद सदस्य, सरपंच, पंच एवं पार्षदों—को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2025 में 10वीं, 12वीं एवं महाविद्यालय परीक्षा में 60% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मान प्रदान किया गया।


इसके अतिरिक्त कोरबा जिले की व्याख्याता श्रीमती पुष्पा शांडिल्य को छत्तीसगढ़ी फिल्म “भुलाबे झन मया ल” में उत्कृष्ट अभिनय के लिए विशेष सम्मान दिया गया।


अपने उद्बोधन में प्रांताध्यक्ष युगुल किशोर शांडिल्य ने शिक्षा को समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी बताते हुए बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों से दूर रहने, मद्यपान का त्याग करने एवं जनगणना में धर्म-कोड के कॉलम में ‘आदिवासी धर्म’ लिखने की अपील की।


विशिष्ट अतिथि डा. पी.एल. चंदन, संरक्षक राजा राम कोल, श्रीमती विमला कोल, श्रीमती रूबी कोल एवं अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षा, नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरुकता पर जोर देते हुए समाज को विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ने प्रेरित किया।


लाला राम रौतेल ने स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा युवाओं को इतिहास पढ़ने की सलाह दी। कार्यक्रम का सफल संचालन डी.पी. रौतिया ने किया और अंत में मनमोहन कोल ने आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम उपरांत सभी समाजजनों ने भंडारे का आनंद लिया।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!