बैकुंठपुर रोड स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज निर्माण तेज, एस्केलेटर और लिफ्ट की उठी मांग

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से लगे बैकुंठपुर रोड रेलवे स्टेशन में लंबे समय से लंबित पड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य इन दिनों पूरे जोर-शोर से जारी है। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से यात्रियों में उत्साह है, वहीं अब शहर के नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से इस फुटओवर ब्रिज में एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।


नागरिकों का कहना है कि जब नया फुटओवर ब्रिज बन रहा है और निर्माण के दौरान तोड़फोड़ हो ही रही है, ऐसे में यदि अभी समय रहते एस्केलेटर और लिफ्ट की व्यवस्था कर दी जाए तो भविष्य में दोबारा निर्माण, तोड़फोड़ और अतिरिक्त खर्च से बचा जा सकता है। विशेषकर बुजुर्ग, दिव्यांग, महिलाएं और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ये सुविधाएं बेहद आवश्यक हैं।


बैकुंठपुर रोड स्टेशन में अब दो प्लेटफार्म भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों का दबाव बंटेगा और आवागमन अधिक सुचारू हो सकेगा। अब तक दूसरी ओर आने वाली ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्लेटफार्म की कमी के कारण यात्रियों को पटरियों पर उतरकर प्लेटफार्म तक पहुंचना पड़ता था। एक ही समय पर दो ट्रेनों के आने से स्थिति और भी जोखिमभरी हो जाती थी, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती थी।


शहर के नागरिक घनश्याम जिज्ञासी का कहना है कि फुटओवर ब्रिज बनने से यात्रियों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी और स्टेशन की छवि भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि यदि इसके साथ एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा भी दी जाती है तो यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस हो सकेगा। बैकुंठपुर रोड स्टेशन से रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं, ऐसे में सुरक्षा और सुविधा दोनों की दृष्टि से ये मांगें अत्यंत जरूरी हैं।


अब देखना यह होगा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों और नागरिकों की इस मांग पर कितनी गंभीरता से विचार करता है और आने वाले समय में फुटओवर ब्रिज के साथ एस्केलेटर व लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं या नहीं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!