नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव (भा.व.से.) से भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के आरोपों पर बिंदुवार जवाब तलब किया है। मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर से जारी आदेश के मुताबिक शिकायतकर्ता एम.आर. साहू ने 17 अक्टूबर 2025 को शासन को विस्तृत शिकायत सौंपी थी, जिसमें राव पर गंभीर अनियमितताओं, दुर्भावनापूर्ण प्रशासनिक कार्यवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में दावा किया गया है कि राव ने साहू का स्थानांतरण अम्बिकापुर वन विद्यालय में किया, जबकि यह संस्थान 2017 से अस्तित्वहीन है। आरोपों के अनुसार ऐसे गैर-विद्यमान संस्थान के नाम पर वेतन वितरण तथा धनराशि का गबन कर शासन को आर्थिक हानि पहुँचाई गई। शिकायत पत्र की प्रति विभाग द्वारा संदर्भ हेतु संलग्न कर दी गई है और इसे गंभीरता से लेते हुए शासन ने प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अवर सचिव डी.आर. चन्द्रवंशी द्वारा जारी पत्र में श्रीनिवास राव से कहा गया है कि वे अपने विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर 15 दिनों के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरण की आगे की कार्रवाई तय की जा सके। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है और यह देखा जाना महत्वपूर्ण होगा कि उच्च पदस्थ अधिकारी इन आरोपों पर क्या जवाब देते हैं।

