बैकुंठपुर। शहर में यातायात नियमों की लगातार अनदेखी के बीच गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच लोगों को बैठाकर बाइक चला रहे युवक को पकड़ा। यह कार्रवाई उस समय की गई जब ड्यूटी पर तैनात यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े ने बाइक को तेज रफ्तार में अनियंत्रित ढंग से चलते हुए देखा और तुरंत रोक लिया।
यातायात प्रभारी ने मौके पर ही युवक की हरकत को गंभीर बताते हुए उसके परिजनों को बुलाया और उन्हें समझाईश दी कि इस तरह की लापरवाही से किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। पुलिस का कहना है कि अधिक सवारी बैठाना न केवल कानूनन गलत है, बल्कि इससे सड़क पर दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाइक चालक पर 4,000 रुपये का चालान काटा। मौके पर मौजूद एएसआई धनंजय सिंह ने बताया कि इस प्रकार के मामलों पर अब अधिक कड़ाई से निगरानी की जा रही है, क्योंकि बिना हेलमेट, ओवरलोड और तेज रफ़्तार जैसी लापरवाही सड़क हादसों का बड़ा कारण बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में चालान के साथ-साथ परिजनों को बुलाकर समझाईश देना भी जरूरी है ताकि परिवार के माध्यम से भी बच्चों पर नियंत्रण और जागरूकता बढ़ सके।
यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुर्रे, एडिशनल एसपी श्री पंकज पटेल एसडीओपी श्री राजेश साहू के निर्देश पर कार्यवाही जारी है उन्होंने कहा कि नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और दूसरों की जान को जोखिम में न डालें।

